Thursday 1 September 2016

राष्ट्र के सर्वांगीण उन्नति के लिए प्रतिबद्ध सभी संगठनों में बेहतर तालमेल जरुरी : मोहन भागवत

आगरा, अगस्त 25 : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के समविचारी संगठनों के कार्यकर्ताओं की एक दिवसीय समन्वय बैठक को संबोधित करते हुए सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि राष्ट्र के सर्वांगीण उन्नति के लिए प्रतिबद्ध सभी संगठन स्वतन्त्र, स्वायत्त तथा स्वावलम्बी हैं। सभी के कार्यक्षेत्र, कार्य पद्धति, कार्यकर्ता भिन्न-भिन्न हैं फिर भी सभी राष्ट्र के सर्वांगीण उन्नति के लिए कार्य करते हैं। डॉ. भागवत ने कहा कि सभी संगठनों में काम करनेवाले स्वयंसेवकों को अपनी प्रतिज्ञा का रोज स्मरण करना चाहिए। इसी प्रकार प्रतिदिन शाखा जाकर प्रार्थना बोलने का प्रमाणिक प्रयास करना चाहिए। इसके अलावा अपने संगठन से भिन्न अनेक संगठनों से हमें मैत्री भाव से मिलना चाहिए। सरसंघचालक ने जोर देकर कहा कि मैत्रीभाव से ही बेहतर तालमेल व समन्वय बनता है।
स्वयंसेवक भाव की व्याख्या करते हुए सरसंघचालक ने कहा कि संघ की प्रतिज्ञा और प्रार्थना में व्यक्त भाव ही ‘स्वयंसेवक भाव’ है। स्वयंसेवक प्रतिज्ञा करते हैं कि वे प्रामाणिकता, निस्वार्थ बुद्धि और तन-मन-धन पूर्वक राष्ट्र की सर्वांगीण उन्नति हेतु जीवनभर कार्य करेंगे। संघ की प्रार्थना के द्वारा भी स्वयंसेवक मातृभूमि के लिए स्वयं को अर्पित करने का भाव नित्य व्यक्त करते हैं। समाज की संगठित कार्यशक्ति, जो विविध संगठनों के कार्य से ही विकसित होगी। इस संगठित कार्यशक्ति के द्वारा ही भारत को परम वैभवशाली बनाने के लिए स्वयंसेवक ईश्वर से आशीर्वाद मांगते हैं।
उल्लेखनीय है कि इस समन्वय बैठक में पश्चिम उत्तर प्रदेश (ब्रज और मेरठ प्रान्त) तथा उत्तराखण्ड के 33 संगठनों के 236 शीर्ष कार्यकर्ता सम्मिलित हुए। बैठक में उपस्थित कई संगठनों ने पिछले दो-तीन वर्षों में अपने बढ़ते कार्य प्रभाव का उल्लेख किया। स्वदेशी जागरण मंच ने कहा कि चीनी माल के बहिष्कार की उसकी अपील असरदार सिद्ध हुई है, तथा हजारों परिवारों ने चीनी वस्तुओं के स्थान पर स्वदेशी वस्तुओं को अपनाया है। भारत विकास परिषद ने बताया कि उनके द्वारा “भारत को जानो” तथा “गुरू वंदन छात्र अभिनंदन” की 10 लाख से अधिक पुस्तकों को प्रकाशित किया गया है। परिषद् के शैक्षिक कार्यक्रम को हजारों विद्यालयों ने अपनाया है।   
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत और हिन्दू जागरण मंच ने भी अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय सफलताओं की चर्चा की। बैठक में संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख सुरेशचन्द्र के साथ ही विश्व हिन्दू परिषद (विहिप), भारतीय जनता पार्टी, विद्या भारती, वनवासी कल्याण आश्रम, अखिल भारतीय मजदूर संघ, किसान संघ, सहकार भारती, क्रीड़ा भारती, पूर्व सैनिक सेवा परिषद्, राष्ट्रीय सिख संगत, विज्ञान भारती, लघुउद्योग भारती आदि संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. दर्शऩ लाल अरोड़ा मंच पर उपस्थित थे। कार्यक्रम का सञ्चालन क्षेत्र कार्यवाह मनवीर सिंह ने किया।   

No comments:

Post a Comment